दिलदारनगर थाना क्षेत्र के स्थानीय रेलवे स्टेशन स्थित अप प्लेटफार्म के पास सायर माता मंदिर के आगे बृहस्पतिवार की रात ट्रेन की चपेट में आने मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने- बिलखने से सन्नाटा पसर गया।
सरैला गांव निवासी शिवशंकर गुप्ता (65) दिलदारनगर में रहकर मजदूरी करते थे। देर रात में वह किसी कार्य से रेलवे लाइन पार कर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने मृतक की शिनाख्त होने पर तत्काल घटना की जानकारी परिजनों को दी। इधर पहुंचे मृतक के छोटे पुत्र पुल्लु उर्फ रविंद्र ने बताया कि मां के निधन के बाद से पिता मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। अचानक ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। इस संबंध में जीआरपी चौकी प्रभारी शिव सागर ने बताया कि शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।