गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र के इसोपुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे में काम कर रहे मजदूर की मंगलवार की देर शाम ईंट का ढेर गिरने से दबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी जनपद के आदमपुरा थाना के हनुमान फाटक नवापुरा गांव निवासी मुख्तार अहमद (45) इसोपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करते थे। देर शाम वह काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और अचानक ईंट का ढेर भर-भराकर गिर गया। जिसके कारण वो ईंट के ढेर के नीचे दब गए। भट्ठे पर मौजूद अन्य मजदूर शोर मचाते हुए ईंट के ढेर को हटाने लगे। ग्रामीणों ने जबतक ईंट हटाया। तब तक मजदूर की मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी रोते-बिलखते पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेज दिया। दूसरे दिन मृतक के छोटे भाई एजाज अहमद मुहम्मद की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है।