शादियाबाद के वसीला गांव में सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन की खुली बैठक में ग्रामीण व अधिकारी।
- फोटो : GHAZIPUR
सेवराई। तहसील क्षेत्र के महना गांव में सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन को लेकर शुक्रवार को हुई बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। ग्रामीणों ने शासन की ओर से स्वीकृत की गई स्वयं सहायता समूह को दुकान आवंटित करने का विरोध करने के साथ दूसरे को आवंटित करने का समर्थन किया। महना गांव में कोटे की एक दुकान को आवंटित करने के लिए एक स्वयं सहायता समूह द्वारा आवेदन किया गया था। आवेदन के बाद ग्रामीणों ने कार्य में अपारदर्शिता एवं मिलीभगत कर दुकान आवंटित करने की शिकायत सीडीओ से की थी। सीडीओ ने टीम गठित कर खुली बैठक के जरिए दुकान आवंटित करने का निर्देश दिया था। इस पर एक खुली बैठक का आयोजन गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुआ। बैठक शुरू होते ही ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए दुकान आवंटन की प्रकिया का विरोध करते हुए नए सिरे से दुकान आवंटन करने की मांग की। ग्रामीणों ने ब्लाक प्रमुख मुकेश राय के खिलाफ नारेबाजी भी की। नोडल अधिकारी एवं जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि दुकान आवंटन के लिए केवल एक स्वयं सहायता समूह का आवेदन प्राप्त हुआ था। इस पर ग्रामीणों द्वारा विरोध के बाद आगामी तिथि तक के लिए बैठक को निरस्त किया गया।