गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव के लोग सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर गंभीर रूप से घायल एक किशोर पर पड़ी। काफी प्रयास के बाद भी शिनाख्त नहीं हुई। आनन-फानन में लोग उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पहुंचे मृतक के पिता मनोज राम ने शव की शिनाख्त मुड़वल निवासी पुत्र पवन कुमार (14) के रुप में की। इधर हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनके बिलखने की आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोग परिवार के सदस्यों को सांत्वना देकर शांत कराने में लगे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।