रेवतीपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में किंग्स इलेवन और रेवतीपुर टाइटंस के बीच खेला जा रहा मुकाबला।
रेवतीपुर। स्थानीय गांव स्थित ग्रीन पार्क स्टेडियम में रेवतीपुर प्रीमियर फुटबॉल लीग का चौथा और अंतिम क्वार्टर फाइनल बुधवार को किंग्स इलेवन और रेवतीपुर टाइटंस के बीच खेला गया। इस मैच में किंग्स इलेवन ने पेनल्टी शूटआउट में रेवतीपुर टाइटंस को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के छठे मिनट में किंग्स इलेवन को पेनल्टी मिली, जिसे मनन ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। रेवतीपुर टाइटंस ने जल्द वापसी करते हुए 11वें मिनट में अजय के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 कर दिया।
मध्यांतर से पहले 21वें मिनट में किंग्स इलेवन के आदित्य ने शानदार गोल कर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। 32वें मिनट में राजवीर ने गोल कर मुकाबला फिर 2-2 की बराबरी पर ला दिया। पहले हाफ के अंत तक दोनों टीमें बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ में 46वें मिनट में विवेक ने गोल कर किंग्स इलेवन को 3-2 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 58वें मिनट में अमन ने गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। इसके बाद 65वें मिनट में धर्मेंद्र ने एक और गोल करते हुए किंग्स इलेवन को 4-3 से आगे कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में 78वें मिनट पर शुभम ने गोल कर रेवतीपुर टाइटंस को 4-4 से बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक परिणाम नहीं निकलने पर मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा, जहां किंग्स इलेवन के खिलाड़ियों ने 3-2 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल के लिए स्थान सुरक्षित कर लिया।
मैच में निर्णायक चंद्रभूषण यादव और कमेंट्री जनमेजय चौरसिया ने की। इस अवसर पर धीरज कुमार राय, शैलेंद्र तिवारी, सर्वेश, देवेंद्र, रियाज, जयप्रकाश, रियाजु, बिट्टू, राहुल और सनी आदि उपस्थित रहे।