गाजीपुर। जौनपुर जनपद के केराकत सीओ शुभम ने 13 मार्च की रात जमानिया कोतवाली के भैदपुर बनवासी बस्ती में पुलिस तांडव की सोमवार को बस्ती में पहुंचकर जांच की। सीओ ने महिलाओं से घटना की जानकारी ली और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सीओ केराकत ने घरों में हुई तोड़फोड़ को देखा। महिलाओं पुलिस की टूटी बेंत दी, जिसे सीओ ने रख लिाय। रूपा ने बताया कि वह 13 मार्च की रात अपनी ससुराल बिरनो से मायके आई थी। रात में पुलिस पहुंची और उसे बुरी तरह पीटा। पुलिस की पिटाई से उसका गर्भपात हो गया। सविता, पार्वती, आशा, बबली आदि ने भी बताया कि घटना की रात पांडेय मोड़ पर बस्ती के चार युवक ट्रक से बालू उतारकर मजदूरी का बंटवारा कर रहे थे। पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने चोरी का पैसा बताते हुए छीन लिया और विरोध करे पर उनका बेलचा छीनकर उन्हें पीटा। उसके बाद आधी रात को पुलिस ने बस्ती में घुसकर तोड़फोड़ और महिलाओं के साथ अभद्रता की। बस्ती के 26 लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया। निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे।