गाजीपुर। उतर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के दिशा-निर्देशन में कानपुर के जेके लोको ग्राउंड में महिलाओं की चौथी गौरहरि सिंघानिया राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई है। शुक्रवार को खेले गए मैच में कानपुर रेड गर्ल्स ने गाजीपुर की टीम को 88 रन से पराजित किया।
गाजीपुर गर्ल्स की टीम ने टॉस जीतकर कानपुर रेड गर्ल्स को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में बिना कोई विकेट खोए बबिता यादव के शानदार शतक (101 नाबाद) एवं एकता सिंह के 89 रनों की बदौलत 202 रनों का स्कोर खड़ा किया। 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी गाजीपुर की पूरी टीम मैच के 34वें ओवर की दूसरी गेंद पर मात्र 114 रन बनाकर आउट हो गई। गाजीपुर की ओर से आकांक्षा ने 39 एवं गीतांजलि सिंह राजपूत ने 36 रन बनाए। कानपुर रेड गर्ल्स की तरफ से सिद्धि सिंह राजावत ने सर्वाधिक 4, सिद्धि मिश्रा एवं एकता सिंह ने 2-2 एवं नंदिनी सिंह ने एक विकेट लिया।