गाजीपुर। जिला कबड्डी एसोसिएशन की ओर से 52वीं सीनियर महिला कबड्डी स्टेट चैंपियनशिप सुपर लीग प्रतियोगिता नोनहरा के बरतर में आयोजित की गई थी। बुधवार को खेले गए फाइनल में उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम ने वाराणसी को 34-28 के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
तीसरे और अंतिम दिन पहले क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। पहला मैच वाराणसी और मेरठ के बीच हुआ। इसमें वाराणसी की टीम 35-15 अंक से विजयी रही। दूसरे मैच में मुजफ्फरनगर ने 37-25 से मथुरा को तथा तीसरे मैच में उत्तर प्रदेश पुलिस ने एकतरफा मुकाबले में मऊ को 45-16 से हरा दिया। चौथे मैच में गाजीपुर ने आज़मगढ़ को 30-24 से पराजित किया। इसके बाद पहले सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश पुलिस ने गाजीपुर को 38-15 से हराकर फाइनल के लिए स्थान सुरक्षित कर लिया।
दूसरा सेमीफाइनल वाराणसी और मुजफ्फरनगर के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी ने 30-12 से बाजी मारी। फाइनल में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया लेकिन बाजी उत्तर प्रदेश पुलिस ने मारी। बीते वर्ष भी यही दोनों टीमें आमने-सामने रहीं थी। प्रतियोगिता में बांग्लादेश में विश्वकप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी अन्नू ने उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से शानदार खेल का प्रदर्शन कर मैच आफ द मैच रहीं। प्रतियोगिता का समापन जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दूबे, नरेंद्र सिंह, हनुमान सिंह यादव, राजकीय सिटी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार यादव, मारकंडेय यादव, रामानुज सिंह, सुरेंद्र यादव, दिनेश सिंह, रविशंकर यादव, रामकेवल, नेहाल, जयप्रकाश कुशवाहा, विजय कुशवाहा, अंजनी सिंह, अकरम आदि उपस्थित थे। अंत में जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त।