क्षेत्र के रेवतीपुर निवासी रवि शंकर पांडेय ने झारखंड न्यायिक सेवा (जूनियर डिविजन) की परीक्षा में अपनी मेधा का परचम लहराया है। झारखंड लोक सेवा आयोग की तरफ से वर्ष 2014 की आयोजित परीक्षा में रवि शंकर ने पहले ही प्रयास में पूरे सूबे में अव्वल रहते हुए जिले का नाम रोशन किया है। धनबाद से रविवार की सुबह दिलदारनगर जंक्शन पर उतरने पर क्षेत्रीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
क्षेत्र के रेवतीपुर गांव निवासी एवं डाकपाल पद से सेवानिवृत्त पुरुषोत्तम पांडेय एवं राधिका के पुत्र रवि शंकर की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय नेहरू विद्यापीठ इंटर कालेज से पूरी हुई। काशी हिंदू विश्वविद्यालय से पीएचडी करने के दौरान ही झारखंड लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा में उन्होंने न्यायिक सेवा की परीक्षा उत्तीर्ण कर कामयाबी का परचम लहराया है।
इस परीक्षा में उन्हें पूरे सूबे में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। रवि शंकर के बड़े भाई अनिल कुमार पांडेय वरीय न्यायाधीश के पद पर धनबाद में तैनात हैं, जबकि दूसरे नंबर के भाई सुनील कुमार पांडेय उच्च न्यायालय नई दिल्ली में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। रवि शंकर को मिली इस सफलता से क्षेत्र के लोगों में हर्ष है। रेवतीपुर स्थित मां भगवती के मंदिर पहुंचकर रवि शंकर ने शीश नवाया। स्वागत करने वालों में प्रधान विजय शंकर पाल, उपेंद्र शर्मा, चंद्र मोहन उपाध्याय, पारसनाथ पाठक, श्रीकांत राय, अशोक राय, कामेश्वर राय, रामाशीष राय आदि शामिल थे।