कारगिल विजय दिवस पर ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की तरफ से मंगलवार को आयोजित रक्तदान शिविर में 92 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस कप्तान रामकिशोर ने किया। इस मौके पर कुल 198 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिसमें से 12 से अधिक युवा अंडर एज होने की वजह से रक्तदान से वंचित रह गए। जबकि 62 लोगों को रक्तदान के लिए रिजर्व में रखा गया है। उधर इस मौके पर साफैज पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं देश भक्ति गीत गा कर समां बांध दिया।
उद्घाटन के मौके पर डीएम ने कहा कि रक्तदान शिविर का इतना बड़ा एवं सफल आयोजन कभी-कभी देखने को मिलता है। ऐसे आयोजनों से ही ब्लड डोनेशन की तरफ लोगों का झुकाव संभव है। कहा कि रक्तदान से शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा मिलती है। कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर जिला प्रशासन भी 15 अगस्त को पुलिस लाइन में रक्तदान शिविर का आयोजन करेगा। जिसमें जनपद के आला अफसर सहित अन्य लोग महादान के हिस्सा बनेंगे। इस मौके पर पुलिस कप्तान रामकिशोर ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है।
सभी को जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान का हिस्सा बनना चाहिए।मंगलवार को धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद सुबह से ही रक्तदान करने वाले लोग जिला अस्पताल पहुंचने लगे थे। सुदूर से आने वाले रक्तदाता गर्मी में कार्यक्रम जल्द आरंभ होने का इंतजार कर रहे थे। रक्तदान शिविर में अधिक संख्या में युवा आए थे। जिले के दर्जनभर एनसीसी कैडेटों ने भी रक्तदान किया। सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पूर्वांह्न करीब दस बजे ब्लड डोनेशन कैंप का फीता कटते ही। रक्तदाताओं की एकाएक भीड़ उमड़ पड़ी। फिर रक्त देने के लिए होड़ मची रही। यह सिलसिला पूरे दिन जारी रहा। रक्तदान कार्यक्रम में मुख्य रूप से सीएमओ डा. धमारत्मा त्रिपाठी, सीएमएस डा. एके मिश्रा, डिप्टी सीएमओ डा. आरके सिन्हा सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन डा. वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष डा. शरद वर्मा ने किया।