गाजीपुर। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत चार जून को राजकीय आईटीआई परिसर में प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें गुजरात स्थित सुजुकी मोटर्स के लिए 500 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानन्द सिंह ने बताया कि निदेशक, सेवायोजन के निर्देश पर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह प्लेसमेंट इवेंट आयोजित किया जा रहा है।
कैंप में विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से सुजुकी मोटर्स, अहमदाबाद (गुजरात) के लिए फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट (एफटीसी) के 500 पदों पर चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी के हाईस्कूल में न्यूनतम 40 प्रतिशत और आईटीआई में 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, वेल्डर, पेंटर, वायरमैन, शीट मेटल, सीओई ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, टूल एंड डाई, पीपीओ तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर ट्रेड के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को 25,300 रुपये प्रतिमाह सीटीसी के साथ अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। अनुबंध अवधि 36 माह की होगी। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों की आयु ज्वाइनिंग के समय 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए।