जेएनयू में छात्रों के ऊपर हुए हमला के विरोध में शहर के गांधी पार्क में मुंह पर काली पट्टी बांधकर व?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षकों पर नकाबपोश हमलावरों की ओर से किए गए हमले से नाराज भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के सदस्यों ने मंगलवार को आस्तीन चढ़ा ली। शहर के आमघाट सहकारी कालोनी स्थित गांधी पार्क में मुंह पर काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया। बाद में संगठन के प्रदेश सचिव शशांक उपाध्याय ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों पर पूर्व नियोजित हमला किया गया। मोदी सरकार के सरंक्षण में युवाओं की आवाज दबाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जेएनयू जैसे संस्थान में जहां बड़ी संख्या में ग़रीब छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त करके ऑक्सफ़ोर्ड जैसे विश्वविद्यालयों में शिक्षा प्रदान करने जाते हैं ऐसे संस्थानों को वर्तमान सरकार बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने हमले की निंदा करते हुए कहा नकि छात्रों-शिक्षकों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संगठन छात्रों का दमन बर्दाश्त नहीं करेगा। इसके खिलाफ एनएसयूआई हर स्तर पर संघर्ष के लिए तैयार है। कांग्रेस के युवा नेता दिव्यांशु पांडेय ने सरकार से कहा कि शिक्षण संस्थानों को शिक्षण संस्थान ही रहने दें राजनीति का अड्डा न बनाएं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को हिंसा की आग में झोंककर सिर्फ अपने राजनीतिक लाभ के लिए अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज के छात्र नेता ओजस साहू ने कहा कि सरकार छात्रों की ओर से ज्वलंत मुद्दों पर बुलंद की जा रही आवाज से डरी हुई है। छात्रों की आवाज को दबाने के लिए अपने तमाम संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। इस अवसर पर अंशु पांडेय, मिथिलेश यादव, इस्माइल अंसारी, अभिषेक द्विवेदी, संदीप यादव, सैफ, इजहार, अजय वर्मा, ऋतिक राय, छोटू, रवि यादव आदि उपस्थित थे।