बहरियाबाद। थाना क्षेत्र के नटवाबीर बाबा मंदिर के पास से तीन दिन पूर्व बेसो नदी में छलांग लगाए युवक का शव बुुधवार को एक किलोमीटर दूर बबूल की झाड़ में फंसा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर शव देखकर परिजन रोने-बिलखने लगे।
वृंदावन कसौली गांव निवासी विशाल सिंह (24) के पिता के विजय सिंह का दो वर्ष निधन हो गया था। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारियां अधिक बढ़ गई थी। वह परिवार का खर्च चलाने के लिए जौनपुर में किसी दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का कार्य कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि देर शाम किसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज युवक ने बीते पांच जुलाई की शाम नटवाबीर बाबा मंदिर के पास से आत्महत्या के लिए बेसो नदी में छलांग लगा दी थी। बीते छह जुलाई को पुलिस ने सैदपुर से गोताखोर बुलाकर तलाश करने में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश शुरू की। घटना स्थल से करीब एक किमी दूर युवक का शव बबूल की झाड़ में फंसा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।