पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अवर अभियंता (जेई) ने जखनिया के सुभासपा विधायक बेदीराम के प्रतिनिधि और उनके सहयोगी पर पीटने का आरोप लगाया है।
जेई की शिकायत पर एक्सईएन प्रांतीय खंड ने सहयोगियों के साथ कार्रवाई के लिए डीएम, एसपी, थाना प्रभारी और विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र सौंपा। वहीं, विधायक प्रतिनिधि ने भी बदसलूकी का आरोप लगाया। विधायक बेदीरात ने कहा कि सिर्फ हाथापाई हुई है।
बभनौली चट्टी से खुटहन प्राथमिक पाठशाला संपर्क मार्ग के नवीनीकरण का कार्य चल रहा है। एक शिकायत की जांच के लिए शुक्रवार को जेई वीरेंद्र कुमार विभागीय मेठ, बेलदार और ठेकेदार प्रतिनिधि सोनू सहित अन्य लोगों के साथ पहुंचे।
इसी बीच जखनिया से सुभासपा विधायक बेदीराम के प्रतिनिधि अरविंद राम और उनके सहयोगी पीयूष राम सहित तमाम लोग आ गए। जेई का आरोप है कि अरिवंद राम ने गालीगलौज की और सड़क उखाड़ने लगे।
इस पर आपत्ति जताई गई तो अरविंद व पीयूष राम ने गाली देते हुए हमला कर दिया। जखनिया विधानसभा क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे विभागीय कार्य करवाने में दिक्कत आ रही है। जेई ने भविष्य में जानलेवा हमले की आशंका जताई और मामले में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में विधायक बेदीराम ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की थी, जिस पर उनके प्रतिनिधि अपने एक अन्य सहयोगी के साथ गए थे।
उन्होंने सड़क की गुणवत्ता को लेकर बातचीत करते हुए ठीक से काम करने को कहा तो अधिकारी ने अपशब्द कहे। उन्होंने कहा कि तुम कौन हो, जिसे लेकर वाद-विवाद हुआ और हाथापाई हुई। मेरी अधिकारियों से बात हुई है। अच्छी सड़क बनाने को कहा गया है।