गाजीपुर। वाराणसी मंडल के संयुक्त निदेशक डाॅ. जेसी द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड में भर्ती मरीजों से मिलने वाली चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही वार्डों में सफाई को लेकर विशेष ध्यान देने की सख्त हिदायत भी दी। यहीं नहीं ब्लड बैंक और पैथोलॉजी लैब में लगी मशीनों की भी जांच करने के साथ प्राचार्य एवं सीएमएस से जानकारी ली। डेंगू से इन दिनों शहर से लेकर ग्रामीण इलाके में लोग परेशान हैं। ऐसे में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को अस्पताल में क्या सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसकी हकीकत जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग संयुक्त निदेशक डाॅ. जेसी द्विवेदी अचानक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों की जानकारी सीएमएस डाॅ. राजेश सिंह से ली।
इस दौरान अस्पताल प्रशासन ने उन्हें बताया कि मरीजों की 149 थी, लेकिन अब संख्या तेजी से घट रही है। फिलहाल भर्ती मरीजों की संख्या दस है। इस बाद वे वार्डों में पहुंचे और जांच, चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में मरीजों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा और सीएमएस डाॅ. राजेश सिंह को निर्देश दिया कि बढ़ते डेंगू के मरीजों की रोकथाम, जरूरत पड़ने पर मरीजों को सही समय पर ब्लड और प्लेटलेट्स की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
यहीं नहीं पैथोलॉजी की समय समय पर विशेषज्ञों द्वारा जांच की जाए, जिससे ब्लड की जांचों की सही रिपोर्ट मिल सके। निरीक्षण के दौरान सभी को कड़ी हिदायत दी कि सभी वार्डों के साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, जिससे मरीजों को किसी तरह की को समस्या न हो।
वार्डों में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ब्लड बैंक के कर्मचारियों से ब्लड एवं प्लेटलेट्स के रखरखाव की जानकारी ली। डेंगू के मरीजों एवं मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए चिकित्सकों के साथ विचार विमर्श भी किया। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य आनंद मिश्रा, सीएमएस डाॅ. राजेश सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।