शहर के फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग पर अपनी मांगों को लेकर रेलवे लाइन पर बैठकर जाम करते निषाद समाज के लोग
अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के लोगों ने बुधवार को अंधऊ बाईपास मार्ग पर फुल्लनपुर स्थित रेलवे क्रासिंग पर बुधवार को जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम को पत्रक सौंपने बाद लोगों ने आधा घंटा बाद जाम समाप्त किया। जाम की वजह से मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें भी करीब आधा घंटा स्टेशन पर खड़ी रहीं। मछुआरों को अनुसूचित प्रमाणपत्र जारी करने सहित 11 मांगें कर रहे थे।
बुधवार को दिन में करीब 12 बजे निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के कार्यकर्ता (निषाद समाज) झंडा-डंडा के साथ अंधऊ बाईपास पर फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग पर रेलवे लाइन पर बैठ गए। इसके बाद अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। जाम होते ही मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। भीड़ में फंसे लोग इस सोच में पड़ गए कि आखिर किधर से निकले। जाम की जानकारी होते ही सदर कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र पांडेय, जंगीपुर थानाध्यक्ष कृष्णप्रताप सिंह, नंदगंज थानाध्यक्ष बृजेश यादव तथा आरपीएफ एवं जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई और जाम करने वालों को समझाने लगे। इस पर जाम करने वालों ने कहा कि जब तक मौके पर सदर एसडीएम आकर मांगों का पत्रक नहीं लेंगे, तब तक जाम समाप्त नहीं होगा। कोतवाल ने इससे एसडीएम को अवगत कराया।
कुछ देर बाद सदर एसडीएम विजय शंकर तिवारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम को पत्रक सौंपने के बाद करीब आधा घंटा बाद जाम समाप्त किया। जाम की वजह से एक सवारी गाड़ी और मेल ट्रेन आधा घंटा तक स्टेशन पर खड़ी रही। जाम करने वालों में प्रांतीय अध्यक्ष अर्जुन सिंह कश्यप, मनोज कुमार, दिलीप कुमार, दीपक बिंद, ओमप्रकाश बिंद, संतोष निषाद, हीरा साहनी, शिवा साहनी, रमाशंकर साहनी, रामप्रकाश साहनी, गंगाविष्णु साहनी, विश्वनाथ साहनी, रविंद्र साहनी, सुभाष साहनी आदि शामिल रहे।