युवक की मौत के बाद सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाते थानाध्यक्ष ।
थाना क्षेत्र के बहुअरा गांव के पास सड़क किनारे बालू लदे ट्रक से बालू उतारते समय बुधवार को हाइटेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर की गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने घटना स्थल के पास स्थित दिलदारनगर-नगसर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोग मुआवजे और ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। पुलिस मौके पर पहुंच गई, मगर जब ग्रामीण नहीं माने तो तहसीलदार ओमप्रकाश और क्षेत्राधिकारी रामदरश यादव ने मौके पर पहुंचकर मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
दिलदारनगर-नगसर मार्ग स्थित बहुअरा गांव के पास सड़क किनारे चालक ने बालू लदे ट्रक को खड़ा कर दिया। ट्रक से बालू उतारने के लिए तीन मजदूर पहुंचे और उतारने लगे। कुछ देर बाद दो मजदूर ट्रक से नीचे उतरकर पानी-पीने लगे और तीसरा मजदूर दिलदारनगर गांव निवासी पिंटू राम (26) बालू उतारने में लगा रहा। इसी बीच ट्रक के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और गंभीर रुप से झुलस गया। इस घटना में बालू उतार रहे मजदूर की मौके पर मौत हो गई। साथ ही ट्रक के अगले दोनों टायर फट गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव रखकर दिलदारनगर-नगसर मार्ग जाम कर दिया।
पुलिस ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई तथा मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी रामदरश यादव और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर मांगों के प्रति आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्रधिकारी जमानिया रामदरश यादव ने बताया कि ट्रक स्वामी से आर्थिक सहायता देने के आश्वासन पर मामला शांत हो गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।