औड़िहार/कासिमाबाद। नगर सहित ग्रामीण इलाकों जाम की समस्या से जनपदवासियों को निजात नहीं मिल रही है। सोमवार को भी वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत सैदपुर घाट से भितरी मोड़ तक दोपहर में जाम लगा रहा। जाम के कारण लोगों को आने -जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सैदपुर के पास आए दिन जाम लगने से यह मार्ग लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। आलम यह है कि दो से चार घंटे का सफर 10 से 20 घंटे में पूरा हो रहा है। कभी कभार भीषण जाम इस कदर लग रहा कि लोग 24 से 48 घंटे तक जाम में फंसे रह जा रहे हैं। यही हाल रविवार की रात कासिमाबाद-रसड़ा मार्ग पर धरवार गांव के पास देखने को मिला। यहां पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण से संबंधित सामानों को लेकर पहुंचा भारी वाहनों के लंबे काफिले की वजह से पूरी रात मार्ग जाम से कराहता रहा।
औड़िहार संवाददाता के मुताबिक, सैदपुर घाट से भितरी मोड़ तक सोमवार को दोपहर भीषण जाम लग गया। इसमें सैकड़ों बड़े एवं छोटे वाहन फंसे रहे। पुलिस प्रशासन की सक्रियता के कारण किसी तरह एक घंटे बाद जाम को समाप्त कराया गया। करीब 12 बजे लगा जाम एक बजे समाप्त होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। देखा जाए तो पूर्वांचल के बलिया, मऊ, गाजीपुर के साथ ही बिहार के कई जिलों के मरीज प्रतिदिन सैदपुर होकर ही वाराणसी बीएचयू अथवा लखनऊ पीजीआई सहित अन्य अस्पतालों को जाते हैं लेकिन लंबा जाम लगने के कारण मरीजों का समय से उपचार तक नहीं हो पता। आलम यह है कि बीमार मरीज समय से अस्पताल न पहुंचने की स्थिति में रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। सैदपुर में जाम लगने की जानकारी होने ही पुलिस वहां पहुंच गई और किसी तरह जाम को समाप्त कराया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
कासिमाबाद संवाददाता के मुताबिक रसड़ा मार्ग पर धरवार गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण से संबंधित सामान लेकर खड़े ट्रकों के लंबे काफिले की वजह से लोगों को रविवार से लगा लंबा जाम दूसरे दिन भोर में जाकर समाप्त हुआ। करीब 36 घंटे तक लगे जाम से लोग काफी परेशान रहे। बरसात के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के लिए सीमेंट, गिट्टी, बालू आदि लेकर बाहर से आए ट्रकें सड़क ठीक न होने के कारण शुक्रवार की रात से कासिमाबाद -रसड़ा मार्ग पर खड़ी रही। लोगों के अनुसार बरसात के पानी की वजह से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजिनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के बूढ़नपुर स्थित कैंप पर आने- जाने का रास्ता कीचड़युक्त होने से अवरुद्ध हो गया था। बरसात के कारण अवरुद्ध इस रास्ते की वजह से सभी ट्रकों को कासिमाबाद -रसड़ा मार्ग पर खड़ा कराया गया था। इसके वजह से आवागमन पूरी तरह लगभग 24 घंटे से भी अधिक समय तक जाम के झाम से परेशान रहे। पुलिस की मदद से किसी तरह से एक-एक गाड़ियां निकाल कर रास्ता खाली हुआ। खड़े ट्रकों को निकालने के लिए एक्सप्रेस-वे का निर्माण करने वाली कंपनी सड़क को ठीक कर दिया। रास्ता ठीक होने के बाद कासिमाबाद- रसड़ा मार्ग पर खड़ी सीमेंट, गिट्टी ,बालू की ट्रकें एक-एक करके कार्यदाई संस्था के कैंप तक पहुंचने में सफल रहीं। मुख्य मार्ग से ट्रकों के हटते ही आवागमन सोमवार की भोर में सुचारू रूप से शुरू हो गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।