गाजीपुर। आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के प्रस्तावित भ्रमण के सम्बन्ध में उपलब्ध कराई गई पीपीटी की तैयारी के लिए कलेक्ट्रेट के सभागार में बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी-जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों से कहा कि गुण्डा एक्ट वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया जाए।
जिला बदर व्यक्तियों का स्थलीय सत्यापन किया जाए। शस्त्र लाइसेंस दुकानों का स्थलीय सत्यापन किया जाए। 107/16 की कार्रवाई कर गांवों में बैठक कर विवादित व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके ऊपर उचित कार्रवाई की जाए। बूथों का निरीक्षण कर रूट-चार्ट तैयार किया जाए। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में हुई बैठक में जोनवार सेक्टर के निर्धारण के बारे में जानकारी ली गई। वेबकास्टिंग के लिए बूथों का चिन्हीकरण करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।