संशोधित---शहर के गोराबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में फीता काटकर एमआरआई सेंटर का शुभारंभ कर
गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को एमआरआई मशीन ने काम करना शुरू कर दिया है। 12 करोड़ रुपये की लागत की यह मशीन पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने लगवाई है। अब जिले के मरीजों को एमआरआई कराने के लिए वाराणसी या अन्य जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। अबतक खून जांच मशीनों समेत पूरी परियोजना पर 15.45 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। पावर ग्रिड के अधिकारियों और मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने फीता काटकर मशीन का शुभारंभ किया। पावर ग्रिड के कार्यकारी निदेशक योगेश कुमार दीक्षित ने कहा कि पावर ग्रिड समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को हमेशा गंभीरता से निभाता है। वहीं, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य प्रो. डॉ. आनंद मिश्र ने कहा कि एमआरआई मशीन की वर्षों से आवश्यकता थी। मरीजों को जांच के लिए बाहर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. नीरज पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह, राजकुमार, आलोक कुमार, विवेक कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद