दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के जलालाबाद में बुधवार को बच्चेदानी की ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को एसीएमओ डा. रामकुमार के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। जखनिया सीएचसी प्रभारी प्रिय रंजन ने अवैध रूप से संचालित निजी अस्पताल के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। साथ ही आधा दर्जन निजी अस्पतालों को नाेटिस जारी किया गया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि जखनिया सीएचसी प्रभारी प्रिय रंजन की तहरीर पर जलालाबाद स्थित जय पौहारी बाबा हॉस्पिटल संचालक राजू कुशवाहा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।इधर, एसीएमओ डा. रामकुमार ने बताया कि अवैध रूप से संचालित अस्पतालों की जांच गई है। जखनिया तहसील गेट से सटे और कोतवाली के पास एक निजी डाॅयग्नोस्टिक सेंटर की जांच की गई तो पता चला कि अल्ट्रासाउंड सेंटर बिना पंजीकरण के चल रहा है और नहीं वहां पर कोई डॉक्टर मिला। जबकि 12 मरीज जांच करवाने के लिए मौजूद थे। एसीएमओ ने बताया कि संचालक को नोटिस देकर तीन दिन अंदर जवाब मांगा गया है। दामोदरपुर गांव स्थित एक चाइल्ड केयर की जांच गई तो वह बिना पंजीकरण ही संचालित हो रहा था। यहीं नहीं वहां पर तीन एनआईसीयू वार्ड बना था। उसमें एक नवजात शिशु भी भर्ती मिला। जांच में न तो कोई डॉक्टर और ना ही कोई पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद थे। उन्हें भी नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। इसी क्रम में दुल्लहपुर में तीन निजी अस्पताल और दो डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच की गई, इसमें अधिकांश के पास कोई कागजात नहीं मिला।
एसीएमओ डा.रामकुमार ने बताया कि तीन दिनों में स्पष्टीकरण न देने पर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।