माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का कार्य गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। दो दिन में जिले में बनाए गए सभी छह केन्द्रों पर 55 हजार से ज्यादा कापियों की जांच की जा चुकी है। इसमें शहीद स्मारक इंटर कालेज में सबसे अधिक कापियों का मूल्यांकन किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा जिले में 18 फरवरी से शुरू होकर 21 मार्च को संपन्न हो गई। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से जिले में बनाए गए सभी छह केन्द्रों पर शुरू हुआ। पहले दिन कम उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। गुरुवार को दूसरे दिन मूल्यांकन के काम में तेजी आई।
मूल्यांकन के दौरान कापियों की रैंडम चेकिंग के लिए प्रत्येक केन्द्र पर बनाए गए दस्तों की तरफ से भी कापियों की जांच की गई। कुछ केन्द्रों पर एजी बायोलाजी एवं एजी गणित की कापियों की जांच के लिए परीक्षक उपलब्ध नहीं रहे। इस कारण दूसरे दिन भी इन कापियों का मूल्यांकन नहीं हो सका। जिससे देर होने की संभावना हो सकती है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ह्रदयराम आजाद ने बताया कि अब तक 55 हजार दो सौ से अधिक कापियां जांची जा चुकी है। इसमें राजकीय सिटी इंटर कालेज में 12 हजार, राजकीय बालिका इंटर कालेज में 10 हजार, लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कालेज में 4568, इंटर कालेज मुहम्मदाबाद में 4035, शिवपूजन इंटर कालेज मलसा में 7250 तथा शहीद स्मारक इंटर कालेज में सर्वाधिक 15845 कापियों का मूल्यांकन किया गया।