कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की वार्डेन तथा लेखाकारों की बैठक महुआबाग स्थित कार्यालय पर बुधवार को हुई। बैठक में बाराचवर, मरदह तथा बिरनो की वार्डेन अनुपस्थित रहीं। इस पर बेसिक शिक्षाधिकारी ने उनका एक दिन का मानदेय रोकने एवं अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने विद्यालयों में अब तक हुए नामांकन की समीक्षा की। नामांकित सभी छात्राओं का विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपडेट करने तथा गत वर्ष डीबीटी योजना से लाभान्वित छात्राओं की ड्रेसयुक्त फोटोग्राफ प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रेरणा पोर्टल पर विद्यालय की सभी छात्राओं का नामांकन, आधार कार्ड तथा बैंक खाता का विवरण अपलोड होने का प्रमाणपत्र देने का निर्देश दिया। विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के खान एकेडमी के सहयोग से चलाए जा रहे गणित प्रशिक्षण में अगली कक्षा में रजिस्टर करने एवं प्रोजेक्ट पूर्ण कराने तथा इस संबंध में सूचना उपलब्ध कराने को कहा। इसके साथ ही आईआईटी गांधीनगर की ओर से उपलब्ध कराए गए क्यूरियासिटी बाक्स की सामग्रियों के उपयोग से विज्ञान विषय को रुचिकर ढ़ंग से पढ़ाने को कहा। इस अवसर पर जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अमित कुमार राय, वार्डेन शैव्या सिंह, मंजू चौहान, प्रियंका यादव, प्रीति सिंह, माधवी यादव, लेखाकार रंजीत कुमार, विवेक त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।