गाजीपुर/औड़िहार। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को मंडुवाडीह-बलिया रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस बीच उन्होंने मंडुवाडीह-बलिया रेल खंड में पड़ने वाले रेलवे ट्रैक, ब्लाक सेक्शन, समपार फाटकों, पुल-पुलिया, स्टेशन सेक्शन, सूचना बोर्ड एवं संरक्षा का निरीक्षण किया। इसके साथ ही औड़िहार-बलिया रेल खंड के दोहरीकरण के निरंतर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निर्धारित समय में सभी कार्य पूरा करने का निर्देश भी दिया। उनका सैलून विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए औड़िहार, सैदपुर, नंदगंज और गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन के रास्ते मुहम्मदाबाद होते हुए बलिया पहुंचा।
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन एवं सैदपुर स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड का निरीक्षण किया। बारह एकड़ में फैले इलेक्ट्रिक लोको शेड प्रोजेक्ट की ब्लूप्रिंट एवं ड्राइंग देखी, 65/15 एवं 25/5 टन क्रेन, विभिन्न उपकरणों के संस्थापन का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत लोको के अनुरक्षण के लिए बन रहे इस शेड में स्थापित 2.6 रुट किमी लाइन की कनेक्टिविटी बढ़ाने तथा 1470 वर्गमीटर में हो रहे पक्के निर्माण को पूरी गुणवत्ता के साथ जनवरी-21 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया।