सुहवल के गंगा नदी पर बन रहा रेल कम रोड व्रिज का निरीक्षण करते मुख्य परियोजना प्रबंधक विकास चंद्रा
- फोटो : GHAZIPUR
सुहवल। गंगा नदी पर बन रहे रेल कम रोड ब्रिज, सोनवल स्थित निर्माणाधीन नए रेलवे स्टेशन, घाट स्थित नए प्लेटफार्म आदि के अब तक हुए कार्यों की प्रगति का जायजा लेने शुक्रवार को मुख्य परियोजना प्रबंधक विकास चंद्रा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सत्यम कुमार निर्माण स्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कैंटीलीवर इरेक्शन, पुश लांचिग इरेक्शन एवं बोल्डर पैचिंग, पीयर पाइलिंग, डैक्स स्लैब ,फेंडरवाल आदि का काम दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने इसके बाद फेब्रिकेशन वर्कशाप, एसपी सिंग्ला कंस्ट्रक्शन, जीपीटी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के प्लांट का निरीक्षण किया। मेदिनीपुर स्थित कांफ्रेंस हाल में अब तक हुए निर्माण कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। अधिकारी द्वय ने गंगा नदी के दोनों तरफ हमीद सेतु से कार्यों का जायजा लिया। निर्माण में लगे कर्मियों, इंजीनियरों की सुरक्षा एवं मेडिकल के बाबत भी जानकारी हासिल की। कोरोना के कहर के बीच चल रहे निर्माण कार्यों में लगे इंजीनियर, मजदूर एवं सुरक्षा कर्मियों को सोशल डिस्टेंसिंग के तहत काम करने पर जोर दिया। एहतियातन मास्क एवं सेनेटाइजर का बराबर प्रयोग करने का भी निर्देश दिया।
कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर अमनदीप गोयल ने हमीद सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों पर रोक के चलते जिला मुख्यालय की तरफ जारी निर्माण कार्यों में प्रयुक्त होने वाली विभिन्न सामग्री के न पहुंच पाने के कारण आ रही समस्याओं की तरफ उनका ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर उन्होंने जिले के आला अधिकारियों से बात करने को कहा। इस अवसर पर वापकाश के प्रोजेक्ट मैनेजर पीसी मोहराना, रेसिडेंट इंजीनियर विद्युत राव, पीएनडार के जीएम अफरोज कापरा, सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर सुनील मम्गेन आदि उपस्थित थे।