कासिमाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी एक महिला ने कोतवाली के एक दरोगा और लेखपाल पर घूस मांगने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि उसकी जमीन पर पट्टीदारों ने कब्जा कर लिया है। अब कब्जा हटवाने के लिए मुझसे रिश्वत मांगी जा रही है। शुक्रवार को महिला ने तहसीलदार जया सिंह से मिलकर कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में कोतवाली क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी पूनम यादव ने बताया कि मेरी भूमि पर पट्टीदारों ने कब्जा कर लिया है। थाना और संपूर्ण समाधान दिवसों पर तहसील के चक्कर लगा चुकी हूं, लेकिन न्याय नहीं मिला। थाने के एक दरोगा दस हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पैसा दोगी तो तुम्हारी जमीन खाली कर देंगे। महिला ने बताया कि अपनी भैंस को 70 हजार रुपये में बेचकर उक्त दरोगा को पैसा देने गई थी, लेकिन वह नहीं मिले। महिला ने लेखपाल पर भी परेशान करने का आरोप लगाया है। साथ ही तहसीलदार से मिलकर मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भेजे गए शिकायती पत्र की कॉपी देते हुए कब्जा हटवाने की मांग की। साथ ही रिश्वत मांगने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार जया सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत की जांच कराई जाएगी।