बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं जिला समन्वयकों की टीम बनाकर शिक्षा क्षेत्र बाराचवर में 104 विद्यालयों का बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यरत कुल 409 अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सापेक्ष 398 लोग उपस्थित पाए गए। दो प्रधानाध्यापक, दो सहायक अध्यापक एवं सात शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय मिश्रपुरा के निरीक्षण में एक शिक्षामित्र अनुपस्थित पाई गई। विद्यालय में कुल नामांकन 75 के सापेक्ष मात्र 30 बच्चों के उपस्थित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक के वेतन भुगतान को रोक दिया। प्राथमिक विद्यालय नवापुरा में नामांकन 90 के सापेक्ष 53 बच्चों की उपस्थिति पाए जाने पर प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों को कठोर चेतावनी दी। कंपोजिट विद्यालय ताजपुर में विद्यालय तथा रसोई घर एवं प्रधानाध्यापक कक्ष में साफ-सफाई नहीं होने तथा मध्यान्ह भोजन योजना अंतर्गत बच्चों के अभिभावकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से धनराशि स्थानांतरित नहीं किए जाने के कारण प्रधानाध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की। बीएसए ने बताया कि प्रा.वि. सैयद खानपुर में प्रधानाध्यापक, प्रा.वि. ढोडहा रामपुर में दो शिक्षामित्र, प्रा.वि. रामपुर में एक शिक्षामित्र, प्रा.वि. गौर तियरा में एक शिक्षामित्र, प्रा.वि. अतौली में दो शिक्षामित्र, कंपोजिट विद्यालय बेनीपुर में प्रधानाध्यापक तथा प्रा.वि. नसीरपुर गंधपा में एक सहायक अध्यापक अनुपस्थित पाए गए। प्राथमिक विद्यालय माटा में प्रभारी प्रधानाध्यापक हस्ताक्षर बनाकर विद्यालय से गायब थे। विद्यालय के पठन-पाठन का स्तर न्यून पाया गया और एमडीएम रजिस्टर में 15, 16, 18, 19 एवं 20 जुलाई में कोई प्रविष्टि अंकित नहीं की गई है। इस शिथिलता के कारण प्रभारी प्रधानाध्यापक के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिन विद्यालयों में अनुपस्थित प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों का एक दिन का वेतन भुगतान बाधित कर दिया गया है और जिन विद्यालयों में कमियां पाई गई है, उन विद्यालयों के संबंधित अध्यापकों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
छात्रों की उपस्थिति कम होने पर जताई नाराजगी
गाजीपुर। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) अवध किशोर सिंह ने देवकली विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय बासूपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में छात्रों की कम उपस्थिति पाए जाने तथा शिक्षा का स्तर न्यून होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। विद्यालय के सभी स्टाफ को चेतावनी के साथ कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। कंपोजिट विद्यालय बरहपुर के निरीक्षण के दौरान निपुण भारत मिशन के अंतर्गत कोई क्रियान्वयन नहीं पाए जाने पर सभी अध्यापकों को चेतावनी देते हुए कहा कि मिशन का क्रियान्वयन त्वरित गति से किया जाए।