मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हरिवल्लमपुर उर्फ अलावलपुर के पास एनएच-31 के पास लगे 200 फीट ऊंचे एक टेलीकॉम कंपनी के टावर पर शुक्रवार की सुबह 4.30 बजे चढ़ गई। वह जिद ठाने हुए ती कि उसकी शादी उसके प्रेमी संग कराई जाए। पुलिस उससे नीचे उतरने को लेकर प्रयास करती रही। बाद में एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। उनके समझाने पर युवती 13 घंटे बाद शाम लगभग 5.30 बजे टावर से उतर गई। यह युवती चार दिन में दूसरी बार टावर पर चढ़ी।
14 सितंबर को इसी जिद को लेकर युवती टावर पर चढ़ी थी। वहीं टावर पर चढ़ी हरिबल्लमपुर निवासी युवती ने बताया कि चकतरफिया के मनजीत चौधरी से उसका प्रेम संबंध है। दोनों का चार वर्षों से प्रेम संबंध है। वह उससे शादी करना चाहती है। मनजीत पिछले साल शादी का वादा कर उसे बेंगलुरु ले गया था। बाद में परिवार के दबाव में आकर उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने करीब छह महीने पहले मनजीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया था। वहीं कोतवाली प्रभारी प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि वह सूचना पाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उसको काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह टावर से नीचे नहीं उतर रही थी। बाद में एसडीएम के समझाने पर वह नीचे उतरी। उपजिलाधिकारी ध्रुव कुमार शुक्ला की उपस्थिति में पुलिस ने युवती से बात की। उसे कहा गया कि युवक के परिजनों से बात हुई है। वह युवक को बंगलुरु से बुलाने के लिए राजी हैं। इसके बाद युवती ने कहा कि मैं अपने घर नहीं जाउंगी। मुझे प्रेमी के घर जाना है। जब युवक के घर पहुंचा गया तो उसके परिजन घर बंद करके कही चले गए। युवती को पुलिस अभिरक्षा में कोतवाली लाया गया है।