बलिया। नगर पंचायत मनियर में अच्छी सड़क को उखाड़कर फिर से नई सड़क बनाने की कोशिश के मामले का संज्ञान लेते हुए शासन ने जिलाधिकारी को मामले की जांच करने के साथ ही स्पष्ट रिपोर्ट तलब की गई है। वार्ड नंबर पांच के सभासद अमित कुमार सिंह ने प्रमुख सचिव नगर विकास को भेजे गए शिकायती पत्र में अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मनियर पर आरोप लगाया था कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में बनी अच्छी सड़क को उखाड़ कर धन की बंदरबाट करने की कोशिश की जा रही है।
पत्र के अनुसार पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत 30 मार्च 2023 को ब्याज रहित ऋण स्वीकृत हुआ था। शिकायतकर्ता ने सरकारी धन का दुरुपयोग करने में अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के वित्तीय एवं प्रशासनिक पांवर सीज करने की मांग की थी। इसी मामले में शासन की ओर से जिलाधिकारी को मामले की जांच कराने के लिए निर्देशित किया गया है।