त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में होने वाले चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को की गई। इस दौरान कोई भी नामांकन निरस्त नहीं किया गया। जांच के समय सुरक्षा के प्रबंध किए गए थे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव जिले में चार चरण में कराया जा रहा है। सभी सोलह विकासखंडों में जिला पंचायत सदस्य की 67 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की 1679 सीट के लिए कराए जाने वाले चुनाव के पहले चरण का नामांकन का
कार्य मंगलवार को संपन्न हो गया। इस दौरान चार विकासखंडों सैदपुर, सादात, जखनिया एवं मनिहारी की जिला पंचायत सदस्य की 19 सीट के लिए 343 तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य की 445 सीट के लिए 2685 उम्मीदवारों की ओर से पर्चा
दाखिल किया गया। इसमें सैदपुर में 678, सादात में 594, जखनिया में 795 तथा मनिहारी में 618 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। दो दिवसीय नामांकन पत्रों की जांच का कार्य बुधवार से शुरू हुआ। जिला पंचायत के लिए जिला
मुख्यालय एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए संबंधित ब्लाक मुख्यालयों पर दाखिल पर्चों की आज जांच की गई। बताया गया है कि जांच में आज कोई नामांकन निरस्त नहीं किया गया। नामांकन पत्रों की जांच के चलते संबंधित जगहों पर
सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। शनिवार को उम्मीदवारी वापस लेने के साथ ही उसी दिन 3 बजे के बाद प्रतीक चिन्ह आवंटित किया जाएगा।