गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं हुई, लेकिन तैयारियां शुरू हो चुकी है। ऐसे में पुलिस की सक्रियता भी बढ़ गई है। चुनावी रंजिश को लेकर खून-खराबा जैसी घटना को लेकर जिला पुलिस प्रशासन की ओर से निगेहबानी बढ़ा दी गई है, जिससे किसी भी घटना को घटित होने से पहले रोका जा सके।
गैर जनपदों में चुनावी रंजीश को लेकर जहां वर्तमान और पूर्व प्रधान की हत्या हो चुकी है। वहीं जनपद में भी बीते तीन अगस्त को प्रधान प्रतिनिधि को चुनावी रंजीश में हमलावरों द्वारा गोली मारी गई थी। यही नहीं बरेसर थाना क्षेत्र के अन्याईपुर गांव में भी एक माह पूर्व वहां के ग्राम प्रधान पर हमलावरों ने उस समय फायर झोंक दिया था, जिस समय वह मनरेगा के तहत हो रहे कार्य को देख रहे थे। हालांकि दोनों घटना में प्रधान प्रतिनिधि और ग्राम प्रधान बच गए और पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए हमलावरों को धर-दबोचा था। इधर शासन के निर्देश पर पुलिस टीम ने सक्रियता बढ़ा दी है। ऐसे अराजकतत्वों को चिन्हित कर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मुहम्मदाबाद सीओ विनय गौतम ने बताया कि क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित कर दिया गया है। अराजकतत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई भी की जा रही है। सैदपुर सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से चौकस है। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेेश आ रही है।