सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को हेल्थ एटीएम मशीन का हवन-पूजन कर लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख मनोज गुप्ता ने कहा कि इस ग्रामीण क्षेत्र में यह मशीन गरीबों के लिए वरदान साबित होगी। जिलाधिकारी के अनुरोध पर क्षेत्र पंचायत निधि से इस पिछड़े इलाके में यह मशीन स्थापित की गई है। बताया कि यहां सभी जांच निशुल्क होगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. नवीन कुमार सिंह ने बताया कि इसमें कुल 43 बेसिक जांच की सुविधा है जिसमें ईसीजी, कोलेस्ट्राल, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, ऑक्सीजन लेवल, हाइट, वजन प्रमुख है। अब किसी भी मरीज को इधर-उधर प्राइवेट पैथोलॉजी पर जाना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम में पंकज कुमार गुप्ता, बीपीएम दिनेश कुमार त्रिपाठी, चीफ फार्मासिस्ट राजकुमार राय, फार्मासिस्ट बलिराम, बृजेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।