जीवपुर गांव में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में गेंद पर कब्जे की कोशिश करते खिलाड़ी। संवाद
जमानिया। जीवपुर गांव स्थित खेल मैदान पर शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब की ओर से 41वीं सीनियर जिला स्तरीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए मैच में मच्छटी ने फतेहपुर अटवा को पेनल्टी शूट आउट में 5-4 से हरा दिया। पहले हाफ के 34वें मिनट में मच्छटी के खिलाड़ी ने बेहतरीन गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद फतेहपुर अटवा की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पहले हाफ की समाप्ति तक मच्छटी ने अपनी बढ़त कायम रखी।
मैच के 47वें मिनट में फतेहपुर अटवा ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके तुरंत बाद मच्छटी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एक और गोल दागकर 2-1 की बढ़त बना ली लेकिन फतेहपुर अटवा की टीम ने वापसी करते हुए गोल कर मुकाबले को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने पर निर्णायक को पेनल्टी शूट आउट का सहारा लेना पड़ा। इसमें मच्छटी की टीम ने 5-4 से जीत दर्ज कर अगले चक्र में जगह पक्की कर ली। मैच में निर्णायक की भूमिका विश्वामित्र ने तथा कमेंट्रेटर की जेपी यादव ने निभाई।