गाजीपुर। करीब डेढ़ साल में सर्पदंश, बिजली की चपेट में आने से करीब 126 लोग जान गंवा चुके हैं। बावजूद इसके मुआवजा महज 107 को ही मिल सका है। इसके अलावा 15 आवेदन खारिज हो गए तथा तीन आवेदन लंबित है। वहीं,एक अप्रैल से अबतक सर्पदंश, बिजली व आग लगने से 117 पशुधन जान गंवा चुके हैं। इनमें 95 के पशुपालकों को मुआवजा भुगतान हुआ है। जबकि 16 आवेदन खारिज हो गए और पांच लंबित है।विभागीय अधिकारियों को कहना है कि जागरूकता के अभाव में मृतकों के परिजनों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मौत के बाद पोस्टमार्टम करना अनिवार्य होता है। इसके बाद ही मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि दी जाती है। वहीं, बारिश के मौसम के दौरान ही बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। बिजली की चपेट में आकर लोग जान गंवा देते हैं। पोस्टमार्टम कराने पर परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाता है। मार्च 2024 से मार्च 2025 के बीच करीब 19 लोग बिजली गिरने और सांप काटने से 61 लोग जान गंवा चुके हैं। मुआवजा महज 69 को ही मिल सका है। जागरूकता न होने के कारण स्वजन मृतक को पोस्टमार्टम नहीं कराते हैं। इससे उनको योजना का लाभ नहीं मिल पाता है। एडीएम दिनेश कुमार ने बताया कि सांप काटने पर तत्काल सीएचसी और मेडिकल कॉलेज में उपचार कराएं। यदि पीड़ित की मौत हो जाती है तो पुलिस और राजस्व अधिकारी को सूचित करें। मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद रिपोर्ट एसडीएम को सौंपे। इसके बाद मृतक के स्वजन को जांच के बाद चार लाख की मुआवजा राशि मिलेगी।
000
सर्प दंश पर कराएं उपचार
गर्मी के बाद बारिश का मौसम आते ही सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। सांप खेती किसानी करते समय और घर के आसपास झाड़-झंखाड़ में से बाहर निकल घूमते हैं। इस दौरान सांप के काटने से कई लोगों की मौत भी हो जाती है। हालांकि प्रदेश सरकार सांप के काटने से मौत होने पर चार लाख रुपये का मुआवजा देती है। इसके लिए स्वजन के पास मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट होनी जरूरी है। इसी के आधार पर पीड़ित स्वजन को आर्थिक मदद मिलती है।
000
केस 01
20 सितंबर को गहमर थाना क्षेत्र के रोइनी भटपुरवा गांव में बिजली गिरने से सुरेंद्र यादव की पुत्री रीता यादव(20) की मौत हो गई थी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
केस 02
शादियाबाद थाना क्षेत्र के नेवादा दुर्गविजय गांव में 22 सितंबर की भोर में सर्पदंश से पूनम (40) पत्नी नागेन्द्र यादव की मौत हो गई। पूनम अपने बेटी के साथ सो रही थी। इस दौरान जहरीले सर्प ने पूनम की गर्दन व छाती पर डस लिया था।