जनपद के छह विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी लड़ाई बाहरी और भीतरी उम्मीदवारों के बीच हो रही है। जिले में अलग-अलग पार्टियों के टिकट पर बलिया के तीन, जौनपुर के दो तथा लखनऊ का भी एक उम्मीदवार लोगों का विश्वास जीतने के लिए हर जतन कर रहे हैं। दूसरे जिले का निवासी एक निर्दल उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में दम दिखा रहा है। केवल मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में कोई भी बाहरी उम्मीदवार नहीं है।
जिले के छह विधानसभा क्षेत्र के चुनावी मैदान में बाहरी उम्मीदवार भी छह है। जनपद को बाहरी उम्मीदवार देने में बलिया अव्वल है। जखनियां विधानसभा क्षेत्र में बलिया से आए एक उम्मीदवार अखाड़े में हैं। यही हाल जहूराबाद विस का भी है। यहां एक प्रमुख पार्टी से गठबंधन कर बलिया से आए प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
साथ ही जमानिया विस के चुनाव मैदान में बलिया के निर्दल प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा सदर और सैदपुर के विस चुनावी मैदान में जौनपुर के रहने वाले उम्मीदवार एक क्षेत्रीय पार्टी से एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रत्याशी के रूप में ताल ठोक रहे हैं।जंगीपुर विस क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। यहां लखनऊ से आए एक नेता राजनीतिक दल के उम्मीदवार हैं। मुहम्मदाबाद एकमात्र ऐसा विधानसभा क्षेत्र है, जहां गैरजनपद के रहने वाले लोग चुनावी मैदान में नहीं है।