थाना क्षेत्र के कनुआन स्थित मौनी बाबा धाम के पास शुक्रवार की दोपहर सवारी से भरी आटो पलट गई। इस हादसे में आटोसवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची सहित दो लोग घायल हो गए। घटना से गुस्साए ग्रामीण टैंपो को फूंककर धरना पर बैठ गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस वहां पहुंच गई।
क्षेत्र के रामपुर बलभद्र गांव से एक टेंपो सवारी लेकर जखनिया जा रहा था।
तेज गति से जा रहा टेंपो कनुआन मौनी बाबा धाम के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। हादसे में रामपुर बलभद्र निवासी बुलबुल राम (32) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मर्दानपुर निवासी खुश्बू (9) एवं खड़वाडीह निवासी पुत्तू दुबे (35) घायल हो गए। इस घटना के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। चालक टेंपो छोड़कर वहां से भाग निकला।
गुस्साए ग्रामीणों ने टेंपो में आग लगा दी। इसके बाद ग्रामीण मृतक के परिजनों के साथ मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए। सूचना मिलते ही शादियाबाद थानाध्यक्ष सुरेंद्र यादव अन्य पुलिस कर्मियों संग वहां पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। तभी एसडीएम एनके मिश्र वहां पहुंच गए। उन्होंने लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। उधर बुलबल की मौत से घर में कोहराम मच गया।