गांव स्थित काशी गोमती संयुक्त क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक से पर्याप्त कैश न मिलने को लेकर शनिवार सुबह 11 बजे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने जमकर हो-हल्ला किया। हंगामा के बीच बैंक मैनेजर से जमकर नोकझोंक हुई, जिससे लेन-देन का काम प्रभावित हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे गहमर थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस पर एक घंटे बाद कैश वितरण का कार्य शुरू हो सका।
काशी गोमती संयुत क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में बड़ी संख्या में ग्राहक पैसा निकालने के पहुंचे थे। लेन-देन का कार्य चल रहा था। इसी बीच सुबह करीब 11 बजे सिर्फ दो हजार रुपये का भुगतान करने की बात को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए उपभोक्ता बैंक मैनेजर से नोंकझोंक करने लगे, जिससे बैंक में अफरातफरी की स्थिति मच गई। मामले को बिगड़ता देख बैंक में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने ग्राहकों को बैंक से बाहर गेट में ताला लगा दिया। बाहर ग्राहक हंगामा के बीच बैंक के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्राहकों का आरोप था कि वह सारे काम को छोड़कर बैंक में पैसा के लिए आ रहे हैं, लेकिन पैसा नहीं मिल रहा है। मिल भी रहा है तो सिर्फ दो हजार ही दिया जा रहा है, जो जरूरत के हिसाब के नाकाफी है।
पूरे दिन लाइन में ग्राहक खड़े रह रहे हैं, इसी बीच बताया जा रहा है कि पैसे खत्म हो गया है। बैंक कर्मी ग्राहकों से सीधे मुंह बात नहीं कर रहे हैं। पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना थानाध्यक्ष को दी। जानकारी होते ही थानाध्यक्ष यदुवेंद्र कुमार पुलिस कर्मियों के साथ ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद एक घंटा बाद लेन-देन काम शुरू हुआ। बैंक प्रबंधक पीके वैद्य ने बताया कि बैंक में पर्याप्त मात्रा में कैश नहीं आ रहा है। इसके कारण उपभोक्ताओं को 2000 हजार रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है। पर्याप्त मात्रा में कैश आने पर ग्राहकों की मांग के अनुसार उपलब्ध कराया जाएगा।