गाजीपुर। मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत गेहूं खरीद की कार्यशाला-प्रशिक्षण जिला पंचायत के सभागार में मंगलवार को आयोजित हुआ। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार ने कहा कि सभी केंद्र प्रभारी बैनर में अंकित अपना मोबाइल नंबर खरीद अवधि में ऑन रखेंगे। जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय से रेंडम आधार पर इसका सत्यापन कराया जाएगा। अगर मोबाइल नंबर बंद पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्र प्रभारी क्रय केंद्र पर सुबह नौ से 11 बजे के बीच अपनी लाइव लोकेशन संबंधित क्रय एजेंसी के जिला स्तरीय अधिकारी को प्रेषित करेंगे। बाट-माप विभाग की तरफ से कांटों का सत्यापन किया जाएगा। किसी भी केंद्र से किसानोें को अनावश्यक वापस नहीं किया जाएगा। सभी तहसील में गेहूं खरीद से संबंधित एक-एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। सहकारिता विभाग के अतंर्गत संचालित क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद के लिए संबंधित तहसील के अपर जिला सहकारी अधिकारी नोडल अधिकारी रहेंगे। उनके द्वारा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करते हुए अपने निर्देशन में केंद्रों का संचालन कराया जाएगा। बताया कि ई-पॉप मशीन के माध्यम से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण द्वारा क्रय केन्द्रों-मोबाइल क्रय केंद्रों द्वारा खरीद की जाएगी। किसान अपनी सुविधा के अनुसार अपने जिले के किसी भी केंद्र पर अपना गेहूं बेच सकेंगे। स्वयं किसान के नहीं आने पर पंजीकरण में जो नामित सदस्य है, उसका बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण होगा। इस मौके पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी समितियां अंसल कुमार, जिला प्रबंधक पीसीएफ, पीसीयू जिला प्रभारी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।