नगसर हाल्ट के पास अवैध रूप से बनी क्रासिंग से चावल लदा ट्रैक्टर गुजर रहा था इसी बीच दिलदारनगर-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन वहां से थोड़ी दूरी पर पहुंची जब चालक ने ट्राली देखी तो अचानक ब्रेक लगा दिया और अनहोनी टल गई।
नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के सरहुला में बृहस्पतिवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। चावल लदा एक ट्रैक्टर अवैध रूप से बने क्रासिंग के जरिये रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान 150 मीटर पहले ही पलटी ट्राली को देखकर पैसेंजर ट्रेन के चालक ने ब्रेक लगा दिया। ट्रेन चालक की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
विज्ञापन
दिलदारनगर ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन ताड़ीघाट से शाम को खुली। वह विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए सरहुला हाल्ट की ओर बढ़ रही थी। उधर, सरहुला में अवैध क्रासिंग के माध्यम से चावल लदा एक ट्रैक्टर रेलवे ट्रैक पार करते हुए पलट गया। इसके कारण रेलवे ट्रैक पर ट्राली के साथ ही गेहूं भरे चावल की बोरियां फैल गईं।
वहीं शाम को 6.18 मिनट पर पैसेंजर ट्रेन सरहुला आई। घटनास्थल से महज 150 मीटर पहले ही चालक ने ब्रेक लगा दिया। इससे ट्रेन रुक गई। सूचना पाकर मौके पर दिलदारनगर आरपीएफ व नगसर हाल्ट थाना की पुलिस पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह ट्राली व चावल से भरे बोरों को रेलवे ट्रैक से हटाया गया।
विज्ञापन
इस दौरान 22 मिनट तक पैसेंजर ट्रेन खड़ी रही। इसके बाद 6.40 बजे पैसेंजर ट्रेन दिलदारनगर की ओर रवाना हुई। वहीं हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। आरपीएफ की ओर से ट्रैक्टर-ट्राली व चावल को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
ट्रेन के आने व रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर के पलटने के बीच महज 7 मिनट का अंतर रहा। आरपीएफ प्रभारी महेंद्र ने बताया कि अवैध क्रासिंग से रेलवे ट्रैक पार करते समय घटना हुई। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।