तहसील क्षेत्र में स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को उत्तर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस कमेटी और नगर कांग्रेस कमेटी जमानिया के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी और अधिशासी अभियंता विद्युत को सौंपा। उत्तर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव (प्रशासन) कुंदन खरवार ने कहा कि नरियांव उर्फ उमरगंज और जमानिया नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगते ही बिजली बिल में विसंगतियां सामने आ रही हैं। चेतावनी दी कि अगर 15 दिनों के अंदर स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर नहीं लगाए गए ताे कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। नगर कांग्रेस अध्यक्ष जिशान जलाली और जिला सचिव जावेद खां ने कहा कि स्मार्ट मीटर की बिलिंग प्रक्रिया में कोई पारदर्शिता नहीं है, जिससे जनता मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है। इस मौके पर खुर्शीद खां उर्फ सोनू, तौवसिफ, कमला यादव, तसउवर अंसारी, सरफराज, युसुफ बशर, एकबाल राईनी और जीउत खरवार मौजूद रहे।