गाजीपुर। दिव्गांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षण कैंप का आयोजन किया जाता है। इस बार भी एलिम्को कानपुर के सहयोग से बीते सितंबर महीने में जिले के तीन ब्लाक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) सदर, बिरनो एवं देवकली में इन बच्चों को सहायक उपकरण एवं उपस्कर वितरित करने के लिए परीक्षण कैंप आयोजित किया गया था। इस दौरान 426 बच्चों को चिन्हित किया गया था। बीआरसी सदर पर बृहस्पतिवार को 192 बच्चों को इसका वितरण किया गया।
ब्लॉक संसाधन केंद्र सदर में 192 दिव्यांग बच्चों को उपकरण एवं उपस्कर वितरण कार्यक्रम का आयोजन बेसिक शिक्षा के समेकित शिक्षा के अंतर्गत किया गया। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता ने बताया कि 20 दिव्यांग बच्चों को ट्राई साइकिल, 39 बच्चों को व्हीलचेयर, 20 दिव्यांग बच्चों को सीपी चेयर, 52 बच्चों को कान की मशीन तथा छह बच्चों को ब्रेल किन एवं ब्रेल स्लेट दिया गया। इस तरह से कुल 260 उपकरण एवं उपस्कर 192 बच्चों में वितरित किए गए। इससे पहले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त एवं लेखा अधिकारी (बेसिक) अभिषेक कुमार यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिले के विभिन्न विकासखण्डों के विशेष शिक्षक तथा फीजियोथैरेपिस्ट उपस्थित थे। संचालन विशेष शिक्षक रामप्रवेश तिवारी ने किया। डीसी समेकित शिक्षा ने बताया कि बीआरसी बिरनो पर शुक्रवार को वितरण कैंप आयोजित होगा। इस मौके पर 126 तथा शनिवार को ब्लाक संसाधन केंद्र देवकली पर आयोजित कैंप में 108 दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण-उपस्कर वितरित किया जाएगा।