भाजपा की बैठक मंगलवार को टैक्सी स्टैंड स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर पार्टी द्वारा महिला सम्मान सम्मेलन, रक्त परीक्षण एवं रक्तदान की योजना, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की तैयारी सहित जिले में लगातार समर्पित ढंग से चले पौधरोपण कार्यक्रम की समीक्षा की गई।
इस मौके पर काशी क्षेत्र के संयोजक नागेंद्र रघुवंशी ने कहा कि गाजीपुर जनपद शहीदों एवं वीर सेनानियों का जिला है। यहां के वीरों की गाथा सर्वविदित है। पंडितजी के विचार पार्टी एवं समाज के लिए हमेशा प्रासंगिक हैं और रहेंगे। बताया कि दो एवं तीन अगस्त को गाजीपुर के लगभग तीन से चार हजार कार्यकर्ता रक्त परीक्षण में शामिल होंगे।
नौ अगस्त को लगभग 150 कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे, जो गांव-गरीब किसानों तथा निराश्रितों सहित देश सेवा में समर्पित राष्ट्र के जवानों के लिए संरक्षित रखा जाएगा, जो समय पड़ने पर उनके काम आएगा। महिला सम्मान उत्थान के प्रति पंडित दीनदयाल के विचारों का वर्णन करते हुए कार्यक्रम के जिला संयोजक सचिदानंद राय चाचा ने कहा कि महा मनीषी पंडित दीनदयाल जी महिलाओं के सम्मान तथा उत्थान के लिए हमेशा चिंतनशील रहे।
जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने बताया कि अभियान समाप्ति के बाद भी यह कार्यक्रम अनवरत चलता रहेगा। सामान्य ज्ञान कार्यक्रम एवं योजना की विस्तृत जानकारी देते हुई पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शंकर राय ने बताया कि कक्षा नौ एवं 10 स्तर की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 26 अगस्त को जिला मुख्यालय पर कराई जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील सिंह, महिला सम्मेलन की संयोजिका सरोज कुशवाहा, रक्तदान परीक्षण संयोजक डा. रजनीश सिंह, रामनरेश कुशवाहा, ओमप्रकाश राम, श्यामराज तिवारी, अच्छेलाल गुप्ता, मीरा श्रीवास्तव, रमाकांत सिंह, सोमारू चौहान, रत्ना सरोज, ऊषा सिंह, अनिल यादव, अमरेश गुप्ता, रासबिहारी राय, मनोज बिंद, कमलेश प्रकाश सिंह, कृष्णानंद राय, मेठ बिंद, दुर्गविजय शर्मा, रंजू विश्वकर्मा, शुभा राय, सरोज मिश्रा, माला सिंह, मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा आदि उपस्थित थे।