जमानिया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस पर पशु तस्करी में मिलीभगत का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो में एक युवक पुलिस को गोवंश ले जाने के एवज में प्रति सप्ताह 25 हजार रुपये देने की बात कह रहा है। हालांकि, अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। यह घटना शनिवार देर रात फुंफुआव पुल के पास की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने तीन गोवंशों से लदी एक पिकअप गाड़ी को रोका और उसके चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पकड़े गए तस्कर से पूछताछ की और इसका वीडियो भी बनाया। वायरल वीडियो में पिकअप वाहन चालक युवक ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि पिकअप फुल्ली गांव निवासी गोलू यादव की है। युवक ने कोतवाली में तैनात एक सिपाही को प्रति सप्ताह 25 हजार रुपये देने की बात बताई। उसने यह भी बताया कि वह पिछले पांच दिनों से लगातार गोवंश लदे वाहन ले जा रहा है।ग्रामीणों की सजगता से सामने आए इस मामले के बाद पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गोवंश लदा वाहन पकड़ा गया है। चालक सहित अन्य लोग भाग गए हैं। वायरल वीडियो पर उन्होंने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।