थाना क्षेत्र के चोचकपुर बाजार में रविवार की रात करीब दो बजे एक मोबाइल टावर के पास पार्टी मना रहे मनबढ़ युवकों ने दलितों की झोपड़ी में आग लगा दी। इससे चार झोपड़ियां जलकर खाक हो गई। उसमें रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। पीड़ितों परदेशी, पिंटू, बब्लू, अवधेश और विकलांग सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि जब वे इसकी शिकायत करने के लिए थाना पहुंचे तो थानाध्यक्ष ने सिर्फ नुकसान की रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। मनबढ़ों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय हम लोगों से दुर्व्यवहार कर रहे हैं। झोपड़ी जलने के बाद हम लोग परिवार के साथ खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि चोचकपुर में झोपड़ी जलाने के मामले में संजय, पिन्टू यादव, अजय चौधरी एवं एक अन्य व्यक्ति के विरूद्ध दलित एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।