गाजीपुर जिले के जमानिया कोतवाली के हमीदपुर गांव में शनिवार की रात बारिश से खपरैल का कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के छह लोग दबकर घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुन ग्रामीण मौके पहुंचे और उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, हमीदपुर गांव निवासी बबलू बिंद खाना खाने के बाद अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खपरैल के अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। रात करीब दो बजे बारिश होने के कारण खपरैल का मकान गिर गया। हादसे में बबलू(35), हीरावती देवी(28), पुत्री अर्चना(6), काजल(5), पूजा(3) व ज्योति(1) घायल हो गईं।
काजल की हालत चिंताजनक होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का उपचार कर रविवार को घर भेज दिया। रविवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर नायब तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा अपने कानूनगो और हल्का लेखपाल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर घायलों का हाल जाना।