जंगीपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जंगीपुर के पास मंगलवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार होमगार्ड की मौत हो गई। होमगार्ड ड्यूटी के लिए जंगीपुर थाना जा रहा था। हादसे के बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही स्कॉर्पियो को भी कब्जे में ले लिया गया है। वहीं हादसे के बाद चालक मौके पर स्कॉर्पियो छोड़कर भाग गया। जंगीपुर थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि मृतक कमला यादव बद्धूसराय थाना जंगीपुर के निवासी थे। वह घर से बाइक पर सवार होकर जंगीपुर थाने पर डयूटी के लिए आ रही थे। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जंगीपुर थाने से 200 मीटर की दूरी पर किसी परिचित ने उनको आवाज दी। इसके बाद वह बाइक किनारे खड़ी करके दूसरे लेन पर जाने लगे। तभी पीछे से स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे कमला यादव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। मृतक की पत्नी का करीब एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। उनकी एकमात्र पुत्री है, जिसका विवाह हो चुका है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।