20 स्थानों पर लगाए जाएंगे होर्डिंग, बेसिक शिक्षा विभाग करेगा प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। बेसिक शिक्षा के परिषदीय विद्यालयों में अब बैनर और पोस्टर लगाकर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए विभाग प्रेरित करेगा। इसके अलावा अभिभावकों को जागरूक करने के लिए शहर में 20 स्थानों पर विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से होर्डिंग लगाए जाएंगे।
जिले के 20 प्रमुख स्थानों जिला मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक मुख्यालय, बस स्टेशन, प्रमुख बाजारों, प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, हाईवे आदि पर निर्धारित विषय वस्तु के अनुसार होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। इन होर्डिगों की स्थापना तीन महीने के लिए पहली सितंबर से की जाएगी।
होर्डिंग्स को लेकर राज्य परियोजना निदेशक विजय किरण आनंद ने अपने आदेश में कहा है कि आवंटित फर्मों को जिले के 20 प्रमुख स्थानों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। निर्देश दिया है कि होर्डिंग्स के लिए स्थलों का चयन करते समय यह भी ध्यान रहे कि जिले के महत्वपूर्ण स्थलों पर जहां होर्डिंग स्ट्रक्चर स्थापित हो ऐसे स्थानों को इसकी स्थापना के लिए प्राथमिकता दी जाएगी।
इस संबंध में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अमित कुमार राय ने बताया कि जिले के बीस प्रमुख स्थानों पर विभाग की प्रमुख योजनाओं से संबंधित आम जन को जागरूक करने के लिए होर्डिंग लगाए जाएंगे। सितंबर माह में इसकी स्थापना तीन महीने के लिए की जाएगी।