नन्दगंज के दवोपुर गांव के समीप हाइवे फाइल फोटो ।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। नये साल में नगर में सुगम यातायात के लिए पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। बेहतर यातायात सुविधा के लिए हाइवे पर पांचनए पुलिस सहायता केंद्र खोले जाएंगे। इससे जहां सड़क हादसों एवं सुरक्षा पर नजर रखी जा सकेगी वहीं जाम से मुक्ति भी मिलेगी। पुलिस महकमा कार्ययोजना को अमली जामा पहनाने में जुट गया है। उधर, जिले में फोर और सिक्स लेन की सड़क पर भी काम तेजी में चल रहा है। नए साल में इन दोनों की सौगात जनपदवासियों को मिलेगी। जनपद में सड़कों का जाल बिछाकर जिले को महानगरों से जोड़ने काम किया जा रहा है। घंटों वाहनों में बैठकर हिचकोले खाने से जल्द ही लोगों को मुक्ति मिलेगी। इतना ही नहीं रोजगार के नए अवसर भी फोर एवं सिक्स लेन के बनने से मिलेंगे। ऐसे में यातायात को सुगम बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सहायता केंद्र स्थापित कराया जाएगा। इसके लिए पुलिस विभाग ने उन थानों और कोतवाली को चिह्नित किया है जहां से फोर व सिक्स लेन गुजर रही है। ऐसे में सैदपुर कोतवाली के बासूपुर, नंदगंज के रजादी, नगर कोतवाली के महराजगंज के चौकिया मोड़ के पास जबकि जंगीपुर थाने से सटे ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है जो हाइवे के नजदीक हैं। यहां पुलिस सहायता केंद्र स्थापित होने से सड़क हादसों पर अंकुश लग सकेगा और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था भी की जा सकेगी। जबकि जिले में फोर और सिक्स लेन की सड़क का काम भी जोरों पर चल रहा है। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी हाइवे पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने व सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से इन केंद्रों को स्थापित करना बेहतर होगा। इसके लिए स्थानों का चयन हो चुका है। पूरी योजना को अमली जामा पहनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।