रेवतीपुर थाने की पुलिस ने शनिवार की देर रात नौ बजे लूट की योजना बना रहे एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक तमंचा और कारतूस बरामद किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश की पहचान खानपुर थाने के दाढ़ीबाढ़ी निवासी अरविंद यादव के रूप में हुई। पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह खानपुर थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है और इससे पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि उपनिरीक्षक लल्लन यादव, उपनिरीक्षक भोलानाथ सरोज, हेड कांस्टेबल अभय कुमार और आरक्षी राहुल प्रजापति के साथ पुलिस टीम डेढ़गावां के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक बदमाश टौंगा मोड़ के पास लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस पहुंची तो उसे देख बदमाश भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस पर असलहा तानने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को दौड़ाकर दबोच लिया। थानाध्यक्ष शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि बदमाश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान किया गया। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की छानबीन कर रही है।