सैदपुर के गंगा पुल के पास जेसीबी मशीन से हटाया जा रहा क्षतिग्रस्त हाइट गेज बैरियर। संवाद
गाजीपुर। सैदपुर नगर में भारी एवं ओवरलोड वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए गंगा पुल के दोनों छोर पर लगाया गया हाइट गेज बैरियर 72 घंटे भी नहीं टिक सका। बुधवार देर रात किसी अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से दोनों ओर लगे लोहे के बैरियर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया।
नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण के लिए एनएचएआई ने 13 जुलाई को रामकरन सेतु के दोनों छोर पर हाइट गेज बैरियर लगाया था। बुधवार रात किसी भारी वाहन के बैरियर से टकरा जाने के कारण वह क्षतिग्रस्त हो गया। गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर एनएचएआई के अधिकारी पहुंचे और क्रेन की मदद से बैरियर को हटाकर मरम्मत शुरू कराई।
गौरतलब है कि बालू खनन के दौरान भारी वाहनों के आवागमन के लिए पूर्व में लगा बैरियर हटा दिया गया था। इससे नगर में भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी और सब्जी मंडी सहित मुख्य मार्ग पर रोजाना जाम लगने लगा था। स्थानीय लोगों की मांग और बालू खनन का टेंडर समाप्त होने के बाद प्रशासन के सहयोग से दोबारा हाइट गेज बैरियर लगाया गया था।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.एल. गौतम ने बताया कि क्षतिग्रस्त हाइट गेज बैरियर की जल्द मरम्मत कराकर उसे पूरी तरह सुचारु करा दिया जाएगा।